बागेश्वर – राष्ट्रीय एकता दिवस के रुप में मनाई सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती…नशामुक्ति का दिया संदेश

बागेश्वर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर तहसील परिसर बागेश्वर से स्टेट बैंक तिराहे एवं सरयू पुल होते हुए नुमाइशखेत तक ‘एकता के लिए दौड़’ (Run for Unity) एवं ‘नशामुक्ति के लिए दौड़’ (Run Against Drugs) का आयोजन किया गया। दौड़ में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त राजकीय कार्यालयों, उपक्रमों एवं अन्य संस्थानों में भी अधिकारियों एवं कार्मिकों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच एकता, भाईचारे एवं सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण तथा देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में दिए गए अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया। साथ ही नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

Advertisements

Leave a Reply