
बागेश्वर । अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित निशुल्क कोचिंग योजना के लिए पात्रता की वार्षिक आय सीमा बढ़ा दी गई है। अब ऐसे विद्यार्थी भी योजना का लाभ उठा सकेंगे, जिनके परिवार की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय आठ लाख रुपये तक है। जिला समाज कल्याण अधिकारी हेम तिवारी ने बताया कि पूर्व में इस योजना के तहत पात्रता के लिए परिवार की वार्षिक आय दो लाख रुपये निर्धारित थी। समाज कल्याण, निदेशालय की ओर से आय सीमा को बढ़ाकर आठ लाख रुपये कर दिया गया है। इससे अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को निशुल्क कोचिंग का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों से अपने-अपने संस्थानों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की है, ताकि पात्र विद्यार्थी समय पर जानकारी प्राप्त कर रोजगारपरक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इस योजना का लाभ उठा सकें।



