बागेश्वर – सरस मेले में 35 स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीण उत्पादों का हुआ प्रदर्शन एवं विक्रय-

बागेश्वर । नुमाइशखेत मैदान में तीन नवंबर से आयोजित तीन दिवसीय सरस मेले का बुधवार को समापन हो गया। समापन अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने कहा कि सरस मेला ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपनी प्रतिभा एवं उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ ही आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उनकी आजीविका के साधनों को मजबूत करना है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं स्थानीय संसाधनों से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा लखपति दीदी बनने के लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।
ग्राम्य विकास विभाग की ओर से आयोजित मेले में कुल 35 स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से उद्योग, कृषि, उद्यान विभाग, ग्रामोत्थान, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया। मेले में स्थानीय उत्पादों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की पारंपरिक कला एवं हस्तशिल्प को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने लोकगीत, लोकनृत्य, मेहंदी एवं एपण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में प्रतिभाग किया। वहीं, बायर-सेलर मीट के माध्यम से महिला समूहों को संभावित खरीदारों से जोड़ने तथा उनके उत्पादों के विपणन के नए अवसर उपलब्ध कराने की पहल की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने मेले के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका को सशक्त बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण की परियोजना निदेशक संगीता आर्या, जिला उद्यान अधिकारी कुलदीप जोशी, जिला परियोजना प्रबंधक रीप मोहम्मद आरिफ, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. शिखा सम्मल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisements

Leave a Reply