

बागेश्वर । अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी एन.एस. नबियाल की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावली के आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के सफल संचालन हेतु राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
शुक्रवार को जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में मृत, अनुपस्थित एवं अन्यत्र स्थानांतरित (एएसडी) मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि संबंधित विधानसभाओं के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विधानसभावार एवं मतदेय स्थलवार एएसडी सूची तैयार कर उपलब्ध करा दी गई है तथा निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत अपमार्जन की कार्रवाई भी प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से ईआरओ नेट के माध्यम से प्राप्त डाटा एवं घर-घर सत्यापन के आधार पर सूची तैयार की गई है। साथ ही, राजनीतिक दलों को निरंतर अद्यतन के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत विधानसभा वार प्रारूप-9, 10, 11, 11क एवं 11ख तथा बीएलओ द्वारा तैयार एएसडी सूची उपलब्ध करा दी गई है।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा जनपद के सभी मतदेय स्थलों हेतु बीएलए-2 की नियुक्ति कर दी गई है, जबकि कुछ अन्य दलों द्वारा अभी तक बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं की गई है।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धनराम टम्टा, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि रवि करायत एवं कांग्रेस के चामू सिंह देवली सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

