
बागेश्वर । जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने सोमवार को मोस्टगांव, रवाईखाल में धनुली देवी दान सिंह परिहार लर्निंग एंड एक्टिविटी सेंटर के प्रथम वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह सेंटर न केवल बच्चों को स्किल प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का भी सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह बच्चों के मानसिक विकास और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जिलाधिकारी ने आगे कहा कि स्कूली शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियां भी बच्चों के समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं और यह केंद्र उन सभी गतिविधियों का लाभ बच्चों तक पहुंचाने में सहायक होगा।
उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों को इस केंद्र से जोड़ें। जिलाधिकारी ने सेंटर के संचालक के प्रयासों को दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों के लिए एक वरदान बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के दौर में इस प्रकार के प्रयास बच्चों को आगे बढ़ने में निश्चित रूप से मदद करेंगे।
इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए जीवन में लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कई टिप्स दिए और सेंटर के शिक्षकों,बच्चों व नारायण सिंह परिहार व अन्य को सम्मानित भी किया।
सेंटर के संचालक शिवेंद्र परिहार ने बताया कि केंद्र का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है, जिसके लिए यहाँ 360 डिग्री लर्निंग, व्यक्तित्व विकास और कई मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं। यहाँ सीखो खेलो और बढ़ो के सिद्धांत पर ध्यान दिया जाता है। सेंटर में बच्चों के लिए आर्ट्स एंड क्राफ्ट्स, दिमागी विकास के कार्यक्रम इंग्लिश लैंग्वेज क्लासेज, डांस, म्यूजिक व ड्रामा, स्पीच एंड कम्युनिकेशन स्किल्स, और इनडोर स्पोर्ट्स व फिटनेस जैसी कोर्सेज और एक्टिविटीज़ उपलब्ध कराई जा रही है। बताया कि अनुभवी ट्रेनर एक्टिविटी-बेस्ड लर्निंग के ज़रिए बच्चों को सिखाते हैं। सेंटर में बच्चों को खेल-खेल में सीखने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से परिचित कराया जा रहा है। सेंटर में पुस्तकालय और विभिन्न प्रकार की खेलकूद गतिविधियों की व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चों के कौशल का विकास हो सकेगा। इसके अतिरिक्त, बच्चों को डिजिटल माध्यम और कला एवं शिल्प के द्वारा भी हुनर प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ मंजुलता यादव, सेंटर के संचालक शिवेंद्र परिहार, भारती परिहार, वनीता चौधरी शाह और क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


