
बागेश्वर । जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल संपादन को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करना तथा अपात्र, मृत, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है।
उन्होंने बताया कि बीएलओ 08 जून 2026 से 07 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा मतदाताओं को फार्म भरने संबंधी जानकारी देंगे। बीएलओ द्वारा मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता भी प्रदान की जाएगी। यदि किसी घर पर ताला बंद मिलेगा तो बीएलओ वहां गणना प्रपत्र छोड़ेंगे तथा उसे प्राप्त करने के लिए तीन बार भ्रमण करेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि कोई मतदाता गणना प्रपत्र जमा नहीं करता है, तो बीएलओ स्थानीय जांच के आधार पर उसे अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट के रूप में चिन्हित करेंगे।
उन्होंने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ के सहयोग हेतु बीएलए नियुक्त करने तथा मतदाताओं को SIR कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने की अपील की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल,भाजपा प्रतिनिधि मदन राम आगरी, कांग्रेस प्रतिनिधि कुंदन गिरी उपस्थित रहे।


