बागेश्वर – पीएमजीएसवाई कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न करें….समयबद्ध ढंग से पूर्ण हों सभी परियोजनाएं: जिलाधिकारी

बागेश्वर । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में बुधवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत संचालित एवं लंबित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पीएमजीएसवाई अधिकारियों ने जनपद में विभिन्न चरणों के अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन मोटर मार्गों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। साथ ही पीएमजीएसवाई के अंतर्गत प्रस्तावित मोटर मार्गों तथा बागेश्वर एवं कपकोट खंडों में संचालित कार्यों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा रिपोर्ट तथा डीपीआर की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक 15 दिवस में मुख्य विकास अधिकारी एवं जिलाधिकारी को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में वर्तमान आपदा के कारण मोटर मार्गों को हुई क्षति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने प्रभावित मार्गों पर त्वरित मरम्मत कार्य सुनिश्चित करते हुए आवागमन शीघ्र सुचारु कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता अंबरीश रावत ने बताया कि पीएमजीएसवाई फेज-1 एवं फेज-2 के अंतर्गत स्वीकृत कुल 241 कार्यों में से 240 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि एक सेतु निर्माण कार्य प्रगति पर है। फेज-3 के अंतर्गत स्वीकृत 12 सड़क निर्माण कार्यों में से 5 पूर्ण हो चुके हैं तथा 7 कार्य प्रगति पर हैं। पीएमजीएसवाई-4 के अंतर्गत जनपद में कुल 27 मोटर मार्ग प्रस्तावित हैं, जिनमें सिंचाई खंड बागेश्वर के 12 तथा ग्रामीण निर्माण विभाग कपकोट के 15 मोटर मार्ग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जीएसएस ऐप के माध्यम से कुल 112 बसावटों का सर्वेक्षण किया गया है। वहीं वर्ष 2025-26 में 23 मोटर मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अभियंता उपस्थित रहे।

Advertisements

Leave a Reply