अल्मोड़ा यूथ क्लब ने चलाया नौला संरक्षण अभियान….. हर माह सफाई का लिया संकल्प

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा यूथ क्लब की ओर से पांडे खोला स्थित हाइडिल नौले में नौला संरक्षण अभियान के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में 18 युवा साथियों और 5 फाउंडेशन सदस्यों ने भागीदारी की। युवाओं ने नौले के आसपास फैले कूड़े को एकत्रित कर सफाई की तथा प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया।

Advertisements

इससे पूर्व भी यूथ क्लब की ओर से नौले के आसपास वृक्षारोपण किया गया था। बरसात के बाद क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए युवाओं ने महसूस किया कि पौधरोपण के साथ-साथ नौले की नियमित सफाई और देखभाल भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से इस एक्शन प्रोजेक्ट का आयोजन किया गया।

स्वच्छता अभियान के बाद किरण और मयंक के संचालन में युवाओं ने गोल घेरे में बैठकर नौला संरक्षण, पर्यावरण और प्राकृतिक जलस्रोतों के महत्त्व पर चर्चा की। युवाओं ने कहा कि नौले हमारी प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्त्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण के लिए केवल एक दिन की सफाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि निरंतर प्रयास और सामुदायिक सहभागिता जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान सभी युवा साथियों ने हाइडिल नौले के आसपास प्रत्येक माह नियमित सफाई अभियान चलाने का संकल्प लिया। साथ ही पूर्व में लगाए गए पौधों की देखभाल और आवश्यकता के अनुसार नए पौधे लगाने पर भी सहमति बनी।

अभियान में स्थानीय दुकानदारों ने भी सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने नौले के आसपास स्वच्छता बनाए रखने और लोगों को कूड़ा न फैलाने के लिए जागरूक करने की बात कही। इस अवसर पर जगमोहन ने युवाओं से संवाद कर उनके प्रयासों के उद्देश्य, सामाजिक महत्त्व और स्थानीय स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।

अल्मोड़ा यूथ क्लब की यह पहल प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है।
यूथ क्लब के सदस्य मयंक, किरन,सोनी,शिव, मोहित,अक्षय,साक्षी,
रिकी, हिमांशु, सौरभ,सतीश,ज्योति, सिमरन जगमोहन,संदीप, अभिषेक इस दौरान शामिल रहे।

Leave a Reply