बागेश्वर – मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत कार्यशाला का आयोजन

बागेश्वर । विकास भवन सभागार में शनिवार को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में विभागीय अधिकारियों ने भी शिरकत की। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं और चालू वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी और स्वरोजगार योजनाओं के बारे में उपस्थित लाभार्थियों को विस्तृत जानकारी दी। शिविर में उद्यमशाला योजना से जुड़े क्षेत्र के लगभग 25 लाभार्थी मौजूद रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने लाभार्थी से कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना आप सभी को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने का एक बेहतरीन माध्यम है। सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं, अपने भीतर के उद्यमी को जगाएं और पूरी लगन से अपने कार्य को आगे बढ़ाएं। आपकी सफलता ही उत्तराखंड को सशक्त और स्वावलंबी बनाने में सबसे बड़ा योगदान देगी। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। अधिकारी लाभार्थियों से सीधा संपर्क बनाए रखें और ऋण से लेकर प्रशिक्षण तक की प्रक्रिया में उनकी हरसंभव सहायता करें ताकि धरातल पर बेहतर परिणाम नजर आ सकें।
इस दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या समेत अन्य अधिकारी व लाभार्थी मौजूद रहे।

Advertisements

Leave a Reply