
उत्तराखंड राज्य के ऋषिकेश में गंगा नदी में नहाते समय दिल्ली के दो युवक डूब गए जिनकी तलाश एसडीआरएफ द्वारा की जा रही है। ऋषिकेश के सिंगटैली झूला पुल के पास गंगा में नहाने के दौरान यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक दिल्ली से 6 दोस्त एक साथ घूमने आए थे और गंगा नदी में नहाते समय दो युवक तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तथा तलाश में जुट गई। इस घटना की सूचना डूबने वाले युवकों के साथियों की ओर से जिला कंट्रोल रूम को दी गई और युवकों की पहचान 26 वर्षीय प्रेम निवासी नई दिल्ली और 24 वर्षीय राजन निवासी संगम विहार दिल्ली के रूप में हुई है। नदी का पानी पहाड़ों में हो रही बारिश के चलते मटमैला हो गया है जिसके चलते सर्च अभियान में कठिनाइयां आ रही है तथा इस बात की सूचना युवकों के परिजनों को दे दी गई है।


