
उत्तराखंड राज्य के हरिद्वार से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जहां पति ने अपनी बीमार पत्नी को इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर दे दिया जिससे कि उसकी मौत हो गई। महिला लंबे समय से बीमार थी इसलिए पति उसकी बीमारी से परेशान हो गया और जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार मोहम्मद अनीश ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर दे दिया जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी और जांच के दौरान घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए तथा पोस्टमार्टम के बाद मृतका का परीक्षण करने के लिए एफएसएल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक रिपोर्ट में मृतका की मौत जहरीले पदार्थ से हुई है जिसके बाद वैज्ञानिक साक्ष्य और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार करने के प्रयास किए गए लेकिन इस दौरान आरोपी क्षेत्र छोड़कर फरार होने की फिराक में था मगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपित ने बताया कि वह पत्नी की बीमारी से परेशान था इस कारण उसे जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


