
उत्तराखंड राज्य के देहरादून में भारी बारिश के दौरान पुलिस ने नदी- नालों के किनारो पर रहने वालों को अलर्ट किया है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। बीते रात पुलिस की टीम नदी नालों के किनारो और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंची तथा लोगों को लाउड हेलर के माध्यम से सतर्क किया। राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर है और पूरी तरह से इन हालातो से निपटने की कोशिश कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्र में पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर रही है और अपनी नजर बनाए हुए है। पुलिस की टीम ने रात से ही नदी नालों के किनारे रहने वालों को लाउड हेलर के माध्यम से सतर्क किया। लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए लोगों से अपील की जा रही है कि वह सुरक्षित स्थान पर रहे और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजा भी जा रहा है ताकि किसी प्रकार की जनहानि ना हो।


