
गरुड़ (बागेश्वर ) । सिल्ली गांव निवासी लोकेश खोलिया भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। लोकेश सैन्य प्रशिक्षण पूर्ण कर शनिवार को भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में आयोजित पासिंग आउट परेड का हिस्सा बने।
लेफ्टिनेंट लोकेश की इस उपलब्धि ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र एवं समाज का गौरव बढ़ाया है। उनके लेफ्टिनेंट बनने पर सिल्ली गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। लेफ्टिनेंट लोकेश के पिता सतीश खोलिया स्वयं भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कर कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। अपने गौरवपूर्ण सेवाकाल के दौरान उन्होंने देश एवं विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा दी तथा विश्व के सबसे कठिन एवं चुनौतीपूर्ण सैन्य क्षेत्रों में से एक सियाचिन ग्लेशियर में भी अपनी सेवाएं देकर राष्ट्र के प्रति अद्वितीय समर्पण और साहस का परिचय दिया। लोकेश की माता दुर्गा देवी गृहणी है। लोकेश के छोटे भाई मयंक जम्मू में आर्मी मेडिकल कोर में नर्सिंग असिस्टेंट हैं। लोकेश की प्राथमिक शिक्षा सेंट एडम्स पब्लिक स्कूल गरुड़ से हुई। उसके बाद उन्होंने बारहवीं की शिक्षा जम्मू से प्राप्त कर एनडीए क्वालिफाई किया। लोकेश की इस उपलब्धि पर जिपंस जनार्दन लोहुमी, पूर्व बीईओ जीवन चंद्र दुबे, वरिष्ठ पत्रकार रमेश चंद्र पांडे बृजवासी, तहसील पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर बड़सीला आदि ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।


