
गरुड़(बागेश्वर) । भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून से पासिंग आउट परेड के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव सिल्ली पहुंचे लेफ्टिनेंट लोकेश खोलिया का ग्रामीणों और परिजनों ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। गांव में उनके आगमन पर खुशी का माहौल रहा और लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देकर सम्मानित किया। हाल ही में भारतीय सेना में अधिकारी बने लोकेश खोलिया शनिवार को अपने घर पहुंचे। रविवार को आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट लोकेश ने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और अनुशासित अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प और परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
लोकेश के पिता एवं सेवानिवृत्त कैप्टन सुरेश खोलिया ने बताया कि लोकेश ने बचपन से ही सैन्य वातावरण में परवरिश पाई। उनके दादा स्वर्गीय हरिदत्त खोलिया हमेशा उन्हें सेना में अधिकारी बनने के लिए प्रेरित करते थे, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।
स्वागत समारोह में जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी, कैलाश खोलिया, डीके नेगी, पंकज खोलिया, रमेश खोलिया, अनुज खोलिया, गुड्डू खोलिया, विनोद खोलिया, मयंक खोलिया सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने लेफ्टिनेंट लोकेश की सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।


