
उत्तराखंड राज्य के देहरादून से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जहां देर रात दिवाली पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच विवाद हो गया और इस मारपीट में 15 साल के किशोर की मौत हो गई जिसके बाद किशोर के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सूरी चौक के पास 15 साल के अर्श नाम के किशोर की मौत हो गई। यह घटना देर रात 3:00 बजे की बताई जा रही है, परिजनों का आरोप है कि श्रेयस नाम का युवक अर्श को अपने साथ दीवाली पार्टी में ले गया था जिसके बाद वहां दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और इस विवाद के दौरान अर्श के साथ उसके दोस्तों ने मारपीट की जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा इस मामले में श्रेयस और उसके साथ मौजूद अन्य युवकों पर आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य जानकारी जुटा रही है जिसके बाद आगे की कार्यवाही होगी।



