बागेश्वर – शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान आयोजित…. पात्र युवाओं को फॉर्म-6 भरने में दी गई सहायता

बागेश्वर । जिले में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विशेष मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण सहायता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
दो नवंबर को एसएसजे परिसर बागेश्वर, सुमित्रानंदन पंत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गरुड़, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कपकोट, कांडा एवं दुगनाकुरी में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तथा मतदाता पंजीकरण की पात्रता रखने वाले विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पात्र युवाओं को फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया में आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि चयनित शिक्षण संस्थानों में निर्धारित तिथियों पर मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण सहायता कार्यक्रम आयोजित करते हुए सभी पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसामान्य को मतदाता साक्षरता एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तीन से पांच नवंबर तक नुमाइशखेत मैदान, बागेश्वर में आयोजित होने वाले जनपदीय सरस मेले में भी विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वीप नरेश कुमार ने बताया कि मेले में आने वाले नागरिकों को मतदाता पंजीकरण, मतदान के महत्व एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कार्मिकों की तैनाती की गई है। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।

Advertisements

Leave a Reply