
बागेश्वर । राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के अवसर पर अर्थ एवं संख्या कार्यालय में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस की थीम “प्रशासनिक आंकड़ों की क्षमता को उजागर करना” पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में अर्थ एवं संख्याधिकारी दिनेश सिंह ने प्रो. प्रशांत चंद्र महालनोबिस के सांख्यिकी क्षेत्र में अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके जन्मदिवस 29 जून को वर्ष 2007 से राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (एनएसएस) के माध्यम से समय-समय पर किए जाने वाले विभिन्न सर्वेक्षणों एवं उनके निष्कर्षों की उपयोगिता की जानकारी भी दी।
अपर सांख्यिकीय अधिकारी डॉ. बी.एस. राणा ने जनपद स्तर पर राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सैंपल सर्वे के आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न नीतियों एवं योजनाओं का निर्माण किया जाता है।


