

बागेश्वर । जनगणना 2027 की प्रक्रिया के अंतर्गत जनपद बागेश्वर में प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है, ताकि वे फील्ड में बिना किसी त्रुटि के सटीक आंकड़े एकत्रित कर सकें।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक प्रगणक एवं सुपरवाइजर घर-घर जाकर भवनों की गणना का कार्य संपादित करेंगे। फील्ड कार्य को सुगम एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को आवश्यक जनगणना किट का वितरण भी सुनिश्चित कर दिया गया है।
आमजन की सुविधा के लिए 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया था। इस डिजिटल पहल को जनपद में सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हुआ है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 4,877 नागरिकों ने स्व-गणना के माध्यम से अपनी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की है। जनपद का कुल पूर्णता प्रतिशत 90.47% दर्ज किया गया है।
स्व-गणना की इस सुविधा से प्रगणकों को जमीनी स्तर पर भवन गणना के दौरान महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा, जिससे कार्य में पारदर्शिता के साथ-साथ गति भी सुनिश्चित होगी।

