
गरुड़ (बागेश्वर ) । तहसील पत्रकार संगठन की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। इस मौके पर पत्रकारों ने एक स्वर से कहा कि वे जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।
तहसील पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर बड़सीला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वरिष्ठ पत्रकार रमेश पांडेय बृजवासी ने कहा कि पत्रकार जनता की आवाज को बल देते हैं। उन्होंने पत्रकारों से जनता की समस्याओं को अपनी कलम की धार देने को कहा। पत्रकार अर्जुन राणा ने कहा कि जब आम आदमी की पीड़ा को कोई नहीं सुनता, तब पत्रकार उसकी आवाज को बुलंद करते हैं। इस मौके पर आगामी 30 मई को पत्रकारिता दिवस को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि इस मौके पर विचार गोष्ठी की जाएगी और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही नई कार्यकारिणी को शपथ ग्रहण कराई जाएगी। इस दौरान महासचिव कृष्णा गढ़िया, अखिल जोशी, अनिल पांडे, दिनेश नेगी आदि मौजूद थे।


