बागेश्वर – स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो समाधान- जिलाधिकारी

बागेश्वर । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में राज्य के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं एवं सुझावों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराधिकारियों द्वारा विभिन्न मांगें एवं समस्याएं रखी गईं, जिन पर विस्तृत चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन एवं संबंधित विभागों की अनुपालन आख्या की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में स्थापित शिलापट्टों में पाई गई त्रुटियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर आपसी सहमति से शिलापट्टों की त्रुटियों का चिह्नीकरण एवं सुधार तीन माह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के ग्रामों की समस्याओं का निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता में है। उन्होंने इन ग्रामों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही संबंधित विभागों को प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों को सम्मान निधि एवं अन्य देय लाभों से संबंधित प्रकरणों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों को उनके अधिकारों एवं देय लाभों से वंचित न रखा जाए तथा पेंशन संबंधी प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जाए। इसके लिए समाज कल्याण विभाग, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक (एलडीएम) एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट लगाए जाने तथा स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों को अनुमन्य सुविधाओं एवं लाभों की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
बैठक के दौरान उत्तराधिकारियों द्वारा सड़क, शिक्षा, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं भी उठाई गईं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों का सम्मान बनाए रखना तथा उन्हें नियमानुसार अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

Leave a Reply