
कपकोट (बागेश्वर) । लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास खंड कपकोट परिसर एवं नगर पालिका बागेश्वर में केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी एवं शिविर का आयोजन किया गया। कपकोट में खंड विकास अधिकारी तथा बागेश्वर में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका की देखरेख में शिविर आयोजित हुआ।
शिविर में समाज कल्याण विभाग, उरेड़ा, उद्योग विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, बाल विकास विभाग, पंचायती राज, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य विकास विभाग, उद्यान, एनआरएलएम तथा रीप परियोजना समेत कई विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। साथ ही पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी सहित सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया।
शिविर में पहुंचे लोगों को विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान जन-शिकायतों एवं समस्याओं को भी सुना गया। शिविरों का आयोजन 19 जून को नगर पंचायत गरुड़ एवं विकासखंड बागेश्वर तथा 20 जून को नगर पंचायत कपकोट एवं विकासखंड गरुड़ में किया जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, चंपा आर्या, हरीश मेहरा, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रभा गढ़िया, रेखा गोस्वामी, खंड विकास अधिकारी सुभाष चंद्र लोहनी, अधिशासी अधिकारी विनोद जीना सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।


