बागेश्वर – जनगणना प्रशिक्षण 2027 एवं गणना गतिविधियों में तेजी…..विभिन्न स्थानों पर प्रशिक्षण कार्य जारी

बागेश्वर । जनपद में भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना 2027 के अंतर्गत गतिविधियों को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से संपादित करने हेतु प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। जनगणना से संबंधित तैयारियां अब गति पकड़ चुकी हैं तथा विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में नगर पंचायत गरुड़ में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज प्रथम दिवस सफलतापूर्वक प्रारंभ हुआ। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र गरुड़ में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम किया गया। वहीं, कपकोट – ग्रामीण क्षेत्र में द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण भी आज सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संकलन, मोबाइल एप/पोर्टल के उपयोग तथा फील्ड स्तर पर कार्य करने की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है, ताकि कार्य को पूर्ण शुद्धता एवं दक्षता के साथ संपादित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त जनपद के अन्य स्थानों पर भी जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण एवं तैयारियों का कार्य निरंतर जारी है तथा समस्त प्रशासनिक मशीनरी इस महत्वपूर्ण कार्य को पूर्ण समन्वय एवं सटीकता के साथ संपादित करने में जुटी है।
जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे जनगणना के अंतर्गत ‘स्व-गणना’ की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इसके अंतर्गत नागरिक 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक निर्धारित पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना के उपरांत प्राप्त होने वाली आईडी को सुरक्षित रखना आवश्यक है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके।
सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्व-गणना में सही जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें।

Leave a Reply