
बागेश्वर । सेवा, सुशासन एवं समर्पण के अंतर्गत आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत शनिवार सायं ऑडिटोरियम सभागार में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रही।
सांस्कृतिक संध्या में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के संदेशों के साथ-साथ देशभक्ति, उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति तथा सामाजिक सरोकारों पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और उन्हें जागरूक भी किया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से लगातार गूंजता रहा। दर्शकों का उत्साह एवं कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियां पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहीं।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, अधिशासी अधिकारी विनोद जीना, दलीप खेतवाल, हरीश सोनी, इंद्र सिंह परिहार, बाला दत्त तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन दीप जोशी द्वारा किया गया।


