बागेश्वर – जनपद में भवन सूचीकरण एवं गणना कार्य प्रारंभ…..डिजिटल माध्यम से हो रहा सर्वे

बागेश्वर । जनपद बागेश्वर में शनिवार से भवनों के सूचीकरण एवं गणना का कार्य औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गया है। इस अभियान के तहत जनपद के सभी ब्लॉकों एवं शहरी वार्डों में प्रगणकों की टीमें घर-घर जाकर डेटा संग्रहण में जुट गई हैं। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक भवन—चाहे वह आवासीय हो या व्यावसायिक—का डिजिटल माध्यम से पंजीकरण किया जा रहा है। कार्य को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के लिए जनपद को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक प्रगणक को औसतन 180 भवनों की गणना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया रियल-टाइम मॉनिटरिंग के अंतर्गत संचालित की जा रही है, जिससे प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जा सके। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि भवन गणना के लिए केवल मौखिक जानकारी पर्याप्त है। इस प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज अथवा मोबाइल ओटीपी की आवश्यकता नहीं होगी। यदि कोई व्यक्ति ओटीपी या गोपनीय दस्तावेजों की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल टोल-फ्री नंबर 1855 पर दी जा सकती है।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सहयोग प्रदान करते हुए सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। एकत्रित किया गया समस्त डेटा पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा तथा इसका उपयोग भविष्य की योजनाओं एवं विकासात्मक नीतियों के निर्माण में किया जाएगा।

Leave a Reply