
अल्मोड़ा। जिले के नगर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बंदरों ने दहशत मचाई हुई है। खेती- बाड़ी उजाड़ने के साथ-साथ बंदर लोगों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसी ही एक खबर चौखुटिया से सामने आई है जहां ग्राम पंचायत हाट के कावधार गांव में बुधवार को घर के आंगन में काम कर रही महिला पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया और महिला को बुरी तरह घायल कर दिया जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। 75 वर्षीय जसुली देवी अपने आंगन में काम कर रही थी इसी दौरान बंदरों के झुंड में उन पर हमला कर दिया और उन्हें काफी घाव दिए। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गांव में बंदर घूम रहे हैं और राहगीरों पर भी खतरा बना हुआ है तथा वन विभाग से बंदरों को पकड़ने के लिए जल्द से जल्द पिंजरा लगाने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी कई लोगों को बंदर काट चुके हैं ऐसे में अब उन्हें पकड़ना काफी आवश्यक हो गया है।





