
समता, भारत ज्ञान विज्ञान समिति- अल्मोड़ा द्वारा एडम्स इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में किशोरी बालिकाओं हेतु आयोजित पाँच दिवसीय अभिव्यक्ति कार्यशाला “किशोरी मंच” का समापन कॉलेज की प्रधानाचार्या एस. एम. सिंह की अध्यक्षता एवम् प्रो. आराधना शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यशाला में प्रो. विजया रानी ढौंढ़ियाल तथा भगवती गुसाँई के संयुक्त नेतृत्व एवं डॉ संगीता पवार संयोजक – महिला अध्ययन केन्द्र- एस. एस. जे. विश्वविद्यालय-अल्मोड़ा के सहयोग से संपन्न किया गया। अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य ने बालिकाओं के कार्यशाला में उत्साहवर्धक सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि कक्षा कक्ष से अलग विद्यालय में ही कौशल विकास की कार्यशालायें बालिकाओं के जीवन की गुणवत्ता विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्य अतिथि ने बालिकाओं हेतु कौशल विकास कार्यक्रमों के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयु में सीखा हुआ कौशल भावी जीवन में चुनौतियों का सामना करने हेतु किशोरियों को सशक्त बनाता है। बीजीवीएस के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद तिवारी ने समता, भारत ज्ञान विज्ञान समिति के शैक्षिक विकास कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। समता संयोजिका भगवती ने बदलते परिवेश में बालिकाओं हेतु क्षमता विकास कार्यक्रमों की सार्थकता पर बल दिया ।
पाँच दिवसीय कार्यशाला में किशोवस्था विकास की चुनौतियो,( शिक्षा, प्रजनक स्वास्थ्य, लैंगिक असमानता, परिवार एवं समाज का बालिकाओं के प्रति दृष्टिकोण,अवसरों की उपलब्धता, घरेलू हिंसा,परामर्श,सेल्फ एस्टीम,तनाव प्रबंधन ,समय प्रबंधन , संप्रेक्षण कौशल , नेतृत्व विकास ,ऐसर्टिव बिहेवियर)के साथ कहानी एवं कविता लेखन ,पेंटिंग प्रतियोगिता नुक्कड़ नाटक का मंचन और जनगीतों का अभ्यास जैसे कौशल विकास गतिविधियों में कक्षा 8 एवम् कक्षा-9 की किशोरियों ने प्रतिभाग किया । किशोरी बालिकाओं के अकादमिक एवं रचनात्मक क्रियाकलापों को हस्तलिखित पत्रिका “किशोरी मंच” अंक-3 में संकलित किया गया। एडम्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य ने हस्तलिखित पत्रिका का लोकार्पण किया । कार्यशाला के 9 सत्रों में अध्यक्षता, संचालन, आख्या प्रस्तुतीकरण का उत्तरदायित्वों का निर्वहन बालिकाओं द्वारा ही किया गया।
समापन समारोह में बालिकाओं ने स्वरचित कहानियों,कविताओं को प्रस्तुत किया तथा नुक्कड़ नाटकों का प्रदर्शन भी किया।संचालन नीरज पंत ने किया। समापन समारोह में भारत ज्ञान विज्ञान समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद तिवारी,प्रदेश सचिव नीरज पंत , ज़िला कोषाध्यक्ष अशोक पंत ,ज़िला उपाध्यक्ष गोपाल सिंह गैड़ा , एडम्स इंटर कॉलेज की प्राध्यापिकाएँ तथा कक्षा-6से 12 तक की छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम की संयोजिका प्रो. विजया ढौंढ़ियाल ज़िलाध्यक्ष बीजीवीएस अल्मोड़ा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों, सभी शिक्षक, शिक्षिकाओं , सभी मंचस्थ अतिथियों व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


