बागेश्वर- जखेड़ा की मसाला यूनिट से ग्रामीण आजीविका को मिली नई दिशा…..स्थानीय उत्पादों को मिल रहा बाजार

बागेश्वर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के विजन के अनुरूप जनपद बागेश्वर में स्थानीय संसाधनों पर आधारित स्वरोजगार एवं उद्यमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी दिशा में सब जखेड़ा क्षेत्र की लाहुरघाटी आजीविका स्वायत्त सहकारिता, तिलसारी के माध्यम से संचालित मसाला यूनिट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का उदाहरण बन रही है।
वर्ष 2025-26 में स्थापित इस यूनिट में धनिया, जीरा, हल्दी, मिर्च सहित स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कच्चे माल से मसाले तैयार किए जा रहे हैं। यूनिट में स्थापित मशीन की क्षमता लगभग 30 किलोग्राम प्रति घंटा है। परियोजना के लिए कुल 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई, जिसमें परियोजना सहयोग, बैंक ऋण एवं स्वयं की अंशपूंजी शामिल है।
पहले ही वर्ष 3.95 लाख रुपये का कारोबार, 2.58 लाख रुपये का लाभ
मसाला यूनिट ने वर्ष 2025-26 में 3,95,500 रुपये का वार्षिक टर्नओवर अर्जित किया, जबकि वार्षिक लाभ 2,58,516 रुपये रहा। यूनिट की नियमित आय से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित हो रहे हैं। साथ ही, स्थानीय मसालों के प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं विपणन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
REAP से स्थानीय संसाधनों को मिल रहा उद्यम का आधार
ग्रामीण उद्यम वेगवृद्धि परियोजना (REAP) के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को स्थानीय संसाधनों, कौशल एवं उपलब्ध संभावनाओं के आधार पर आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। जखेड़ा की मसाला यूनिट इसी प्रयास का परिणाम है, जहां स्थानीय उत्पादों को मूल्य संवर्धन के साथ बाजार तक पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
परियोजना के माध्यम से जनपद में विभिन्न स्थानीय उद्यमों एवं आजीविका गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आय के नए अवसर सृजित होने, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मदद मिल रही है।

Advertisements

Leave a Reply