बागेश्वर -जनसुनवाई में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने सुनीं जनसमस्याएं

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 10 शिकायतें/प्रकरण दर्ज किए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान शिक्षा विभाग से संबंधित प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जनपद के विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों की विद्यालयवार एवं विकासखंडवार सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थिति तथा शिक्षण व्यवस्था की भी समीक्षा करने को कहा।
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से 100 प्रतिशत कॉलिंग कर शिकायत के निस्तारण एवं कार्रवाई के संबंध में फीडबैक प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार द्वारा हैलो बागेश्वर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

Leave a Reply