बागेश्रर – बागेश्वर में फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट की डीपीआर शीघ्र तैयार होगी….ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

बागेश्वर । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नमामि गंगे समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जनपद में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बागेश्वर नगर में फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) की स्थापना के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए चिन्हित भूमि का एक सप्ताह के भीतर बागेश्वर एवं गरुड़ नगर निकायों तथा वन विभाग द्वारा संयुक्त निरीक्षण कराने को कहा।
उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि निकाय क्षेत्रों के बाहर मुख्य सड़कों पर स्थापित डस्टबिनों को नियमित रूप से खाली कराया जाए, जिससे कहीं भी कूड़े का जमाव न होने पाए और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कपकोट को लीगेसी वेस्ट का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका बागेश्वर एवं नगर पंचायत कपकोट को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए उससे होने वाली आय में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।
बैठक में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध चालानी कार्रवाई तेज करने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्ना, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बागेश्वर, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कपकोट, जिला विकास अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

Leave a Reply