बागेश्वर – अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रन फॉर योग’ का आयोजन…योग सन्देश के संग दौड़ा बागेश्वर

बागेश्वर । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जनपद बागेश्वर में आयोजित योग जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत शुक्रवार प्रातः 6:00 बजे “रन फॉर योग” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तहसील गेट, बागेश्वर से जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रन का समापन इनडोर स्टेडियम, बागेश्वर में हुआ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जो स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवनचर्या का अभिन्न अंग बनाकर अनेक जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से आगामी 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया।
“रन फॉर योग” में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं, आयुर्वेद, शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने योग, स्वास्थ्य एवं फिट जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को “रन फॉर योग” प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती किरण नेगी, योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. एजल पटेल सहित आयुर्वेद, शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीप जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में सहभागिता कर योग को जन-आंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

Advertisements

Leave a Reply