
बागेश्वर । जनपद में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिला पूर्ति अधिकारी बबलू पांडे ने बताया कि जिले में उपभोक्ताओं को समयबद्ध और नियमित रूप से गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है, ताकि आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। जनपद के किसी भी क्षेत्र में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है। आम जनता को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जनपद के विभिन्न वितरण स्थलों के लिए कुल 589 सिलेंडरों की खेप भेजी गई। इसके तहत इण्डेन गैस सर्विस बागेश्वर द्वारा गडेरा, होराली, चिडग और बनलेख से आगे के क्षेत्रों में कुल 334 सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित किया गया। वहीं इण्डेन गैस सर्विस कपकोट के माध्यम से सूपी क्षेत्र में 70 सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। इसके अतिरिक्त शिखर भारत गैस सर्विस शामा द्वारा कठपुड़ियाछीना क्षेत्र और बागेश्वर बाजार में 150 सिलेंडर भेजे गए, जबकि शुभम गैस एजेन्सी गरुड़ द्वारा सब्जीसेरा, तिलसारी, मटे, चौरसों, पासतोली, कोठों और नौकुणा के उपभोक्ताओं के लिए 35 सिलेंडर वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि रसोई गैस के साथ-साथ जनपद में पेट्रोल और डीजल की भी कोई कमी नहीं है। वर्तमान में जिले के कुल 14 पेट्रोल पंपों पर 78,348 लीटर डीजल और 94,460 लीटर पेट्रोल का सुरक्षित स्टॉक उपलब्ध है।


