अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय ने रचा नया इतिहास — पहली बार दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन

पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा ने आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार Laparoscopic Appendectomy (दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का ऑपरेशन) सफलतापूर्वक संपन्न किया है। यह ऑपरेशन जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ० अमित सुकोटी एवं उनकी टीम द्वारा सफलता पूर्वक किया गया।

Advertisements

मरीज शुभम पाण्डे (22 वर्ष) पिछले लगभग तीन महीनों से असहनीय पेट दर्द से पीड़ित थे। आधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक से सफल ऑपरेशन के बाद मरीज को मात्र एक दिन में स्वस्थ अवस्था में डिस्चार्ज कर दिया गया। मरीज एवं उनके परिजनों ने चिकित्सकों और पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।

इस सफलता के केंद्र में रहे डॉ० अमित सुकोटी को क्षेत्र के अत्यंत कुशल एवं आधुनिक तकनीकों में पारंगत सर्जनों में माना जाता है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस दक्षता और आत्मविश्वास के साथ इस जटिल ऑपरेशन को अंजाम दिया, वह जिला चिकित्सालय के लिए गर्व का विषय है।विशेष बात यह है कि डॉ० अमित सुकोटी रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक तकनीक का भी अनुभव रखते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सरकार द्वारा जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा को आवश्यक आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित स्टाफ एवं तकनीकी संसाधन उपलब्ध करवाए जाएं, तो भविष्य में रोबोटिक सर्जरी जैसी सुविधाएं भी यहां शुरू हो सकती हैं। इससे कुमाऊं क्षेत्र के हजारों मरीजों को महानगरों की ओर जाने से राहत मिलेगी और अल्मोड़ा आधुनिक चिकित्सा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

डॉ० अमित सुकोटी ने बताया कि भविष्य में जिला चिकित्सालय में हर्निया के मरीजों का भी IPOM विधि से लेप्रोस्कोपिक उपचार शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव, शीघ्र रिकवरी और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।गौरतलब है कि जिला चिकित्सालय में आधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सुविधा शुरू करवाने में सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने लंबे समय से लगातार प्रयास करते हुए जिला अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक मशीन एवं जनरल एनेस्थीसिया (G.A.) मशीन उपलब्ध करवाने हेतु शासन और स्वास्थ्य विभाग के समक्ष लगातार आवाज उठाई।

इस महत्वपूर्ण परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उन्हें कई बार विभागीय अधिकारियों से पत्राचार करना पड़ा तथा सूचना के अधिकार (RTI) का भी प्रयोग करना पड़ा। उनके निरंतर प्रयासों और चिकित्सकों की प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप आज अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय आधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की दिशा में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष से ही जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में लेप्रोस्कोपिक दूरबीन विधि द्वारा गोलब्लैडर (Gallbladder) के सफल ऑपरेशन लगातार किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय मरीजों को बड़ी राहत मिली है और उन्हें उपचार के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ रहा।

इस उपलब्धि पर प्रमुख अधीक्षक डॉ० एच०सी० गड़कोटी ने ऑपरेशन में शामिल पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा सीमित संसाधनों में भी मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

ऑपरेशन टीम में डॉ० अमित सुकोटी (जनरल सर्जन), डॉ० पल्लवी चौहान (निश्चेतक), नर्सिंग स्टाफ सरिता, प्रियंका एवं नेहा, वार्डबॉय धर्मेन्द्र, राजेन्द्र बिष्ट तथा शोभा शामिल रहे।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने कहा—

“मैं उन सभी डॉक्टरों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने इस जनहित कार्य को संभव बनाने में सहयोग दिया।

मेरा प्रयास हमेशा यही रहेगा कि अल्मोड़ा के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने जिले में ही मिलें और किसी भी मरीज को छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए बाहर न जाना पड़े।जनहित के लिए मेरा संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।”

— संजय पाण्डे
सामाजिक कार्यकर्ता, अल्मोड़ा

Leave a Reply