
देहरादून| जानकारी मिली है कि पीसीएस की मुख्य परीक्षा के पाठ्यक्रम में सामान्य अध्ययन के दो प्रश्न पत्र उत्तराखंड के बारे में जानकारी से संबंधित हो सकते हैं| साथ ही सरकार अपने उन कर्मचारियों को आयु सीमा में छूट पर विचार कर रही है जो पीसीएस की परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं|
बता दें, इन दोनों प्रस्तावों पर शासन में एक अहम बैठक भी हो चुकी है| कहा जा रहा है कि कार्मिक विभाग इन दोनों प्रस्तावों को प्रदेश मंत्रिमंडल की के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है|
सचिव कार्मिक शैलेश बगौली ने दोनों प्रस्ताव पर विचार करने की पुष्टि की है|
दरअसल, बहुत समय से यह मांग हो रही है कि पीसीएस की मुख्य परीक्षा सामान्य अध्ययन के दो प्रश्न पत्र उत्तराखंड से संबंधित हो, इन प्रश्नपत्रों में यूपी लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा की तरह सामान्य अध्ययन के प्रश्न पत्र हों, जिसमें इतिहास, सभ्यता, संस्कृति, वास्तुकला प्रमुख आंदोलन, ग्रामीण समाज, कृषि, उद्यानिकी, सामाजिक संरचना, जनजातीय सरोकार, अर्थव्यवस्था, शासन प्रणाली, भाषा, बोली, वन, पर्यावरण, उद्योग, योजना, मानव संसाधन, कौशल विकास समेत कई अन्य स्थानीय जानकारी से संबंधित प्रश्न पूछे जाएं|
बता दें भाजपा नेता और राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान ने पिछले दिनों इस मांग को लेकर सचिव कार्मिक से अनुरोध किया| इससे पूर्व मुख्यमंत्री के सामने भी वह इस मुद्दे को उठा चुके हैं|
सचिव कार्मिक शैलेश बगौली के मुताबिक, पीसीएस मुख्य परीक्षा के प्रश्न पत्र और आयु सीमा छूट दिए जाने के मसले पर पिछले दिनों एक बैठक शासन स्तर पर हुई| अभी इस पर विचार हो रहा है| इसकी एक प्रक्रिया है, फिर यह प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखने पर विचार होगा|
