
देहरादून। पिछले कई दिनों तक बारिश के बाद अब उत्तराखंड राज्य से बीते शुक्रवार को मानसून विदा हो चुका है। बता दें कि मानसून विदाई की अधिकारिक घोषणा मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा कर दी गई है।इस मामले में मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निर्देशक विक्रम सिंह द्वारा बताया गया कि दक्षिण- पश्चिम मानसून की वापसी लखीमपुर, खीरी, शाहजहांपुर ,अलवर ,नागौर के रास्ते हुई है और इस मानसून सीजन में उत्तराखंड राज्य में सामान्य वर्षा दर्ज की गई हैं। पौड़ी गढ़वाल को छोड़कर सभी जनपदों में सामान्य से कुछ अधिक बारिश हुई और अब जाकर मानसून की विदाई हो चुकी हैं।बता दे कि उत्तराखंड में बीते 29 जून 2022 को मानसून ने दस्तक दी थी जिसके बाद 14 अक्टूबर 2022 को मानसून विदा हो चुका है। इस बार मानसून एक हफ्ते देरी से विदा हुआ क्योंकि मानसून आया भी एक हफ्ते देरी से था मगर अब मानसून विदा होने की अधिकारिक घोषणा कर दी गई है। राज्य में 1 सितंबर 2022 से 11 अक्टूबर 2022 तक सामान्य से डेढ़ गुना अधिक वर्षा दर्ज की गई है। बीते जुलाई के माह में वर्षा में 40 फ़ीसदी की कमी पाई गई थी लेकिन अगस्त के बाद मानसून की रफ्तार में तेजी आई और विदा होने के दौरान राज्य में काफी भारी बारिश हुई। बता दें कि पहाड़ों और मैदानों में आगामी एक सप्ताह तक बारिश की संभावना नहीं है और 18 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा।
