
बागेश्वर । उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर सुबीर कुमार के कुशल मार्गदर्शन में आज 27 नवम्बर 2026 को ‘बाल, शीघ्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ (International Day for the Elimination of Child, lEarly and Forced Marriage) तथा ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत ‘100-दिवसीय जागरूकता मॉड्यूल’ जनपद बागेश्वर तहसील परिसर से नुमाइश खेत मैदान तक एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस रैली में बाल कल्याण समिति (Child Welfare Committee – CWC), समर्पण एनजीओ (Samarpan NGO) तथा वन स्टॉप सेंटर (One Stop Centre) की भी सक्रिय सहभागिता रही, जिससे अभियान को व्यापक जन-समर्थन और समन्वय प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की सूचना के अनुसार यह 100-दिवसीय जागरूकता मॉड्यूल 21.10.2026 से 28.01.2027 तक संचालित किया जा रहा है, जबकि 27 नवंबर को बाल, शीघ्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस तथा वर्ष 2024 में शुरू हुए बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की वर्षगांठ के रूप में मनाया जा रहा है। रैली के माध्यम से तहसील परिसर से नुमाइश खेत मैदान तक बाल विवाह की रोकथाम, इसके सामाजिक व कानूनी दुष्प्रभावों तथा निःशुल्क विधिक सहायता व संरक्षण सेवाओं के प्रति आमजन व युवाओं को जागरूक किया गया। नालसा (NALSA) के निर्देशों एवं नालसा ‘आशा’ (ASHA – Awareness, Support, Help & Action) मानक संचालन प्रक्रिया (SOP), 2025 के अनुरूप चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत बच्चों, अभिभावकों एवं समुदाय को बाल विवाह रोकने के महत्व और कानूनी प्रावधानों के प्रति संवेदनशील किया जा रहा है। इसके साथ ही ‘बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल’ (https://stopchildmarriage.wcd.gov.in/) के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध शपथ लेने के संदेश का भी प्रचार-प्रसार किया गया, तथा किसी भी प्रकार की निःशुल्क कानूनी सहायता व परामर्श हेतु नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी गई।



