शर्मनाक -: नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ में प्रधानाचार्य पर मुकदमा

चंपावत (पाटी)| पाटी ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्र स्थित एक जीआईसी के प्रधानाचार्य पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है| छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और धारा 354 ‘क’ के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है| पुलिस मामले की जांच कर रही है|


पाटी के थाना अध्यक्ष बची सिंह बिष्ट ने कहा कि शुक्रवार देर रात दूरस्थ क्षेत्र के एक परिवार ने पुलिस के नंबर 112 में फोन कर प्रधानाचार्य पर उनकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ करने की शिकायत दर्ज कराई|
छात्रा का कहना है कि शुक्रवार को वह रोज की तरह स्कूल के लिए निकली| इस दौरान स्कूल के रास्ते में एक मंदिर में दर्शन करने गई| मंदिर से लौटते वक्त उसे रास्ते में स्कूल के प्रधानाचार्य मिले| जिन्होंने उसके साथ छेड़छाड़ की| पीड़ित छात्रा ने स्कूल से लौटकर जानकारी परिजनों को दी| परिजनों ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर मामले की शिकायत दर्ज कराई| थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ थाना पाटी ने 7/8 पॉक्सो अधिनियम और आईपीसी की धारा 354 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है|