Uttarakhand – साधु वेशधारी ने चालाकी से कि युवक की हत्या….. पुलिस भी हैरान

उत्तराखंड राज्य में अक्सर आपराधिक मामले सामने आते रहते हैं मगर इस बार राज्य के ऋषिकेश से ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर किसी को भी हैरानी होगी। बता दें कि तपोवन मुनिकीरेती के गंगा तट पर एक युवक की हत्या कर हाथ और पैर बांधकर गंगा में फेंक दिया गया था। यह घटना 7 दिन पूर्व की है और इस मामले में पुलिस द्वारा एक साधु वेशधारी को गिरफ्तार किया गया है। साधु गंगा के किनारे ही कुटिया में रहता था और उसने पैसों के लालच में अजय साहू नाम के युवक की हत्या की थी। जानकारी के मुताबिक आरोपित मूल रूप से हरियाणा का निवासी है और यहां मुनीकीरेती के गंगा तट पर यह कुटिया बनाकर रहता था। बता दें कि एनडीपीएस के मामले में और हत्या के मामले में यह आरोपित पूर्व में भी थाना मनसा देवी पंचकूला हरियाणा से जेल जा चुका है। बीते 5 मार्च को पांडव पत्थर के समीप गंगा किनारे जल पुलिस को एक युवक का शव मिला था जिसके हाथ और पैर बंधे हुए थे तथा जेब से एक बंद मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने एसओजी की मदद से मोबाइल नंबर के जरिए मृतक के परिवार वालों का पता लगाया और उसकी पहचान अजय साहू उम्र 24 वर्ष के नाम से की गई। मृतक के परिवार वालों ने बताया कि 3 मार्च को वह घर आया था और किसी बात पर झगड़ा करके चला गया था और उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। इस मामले में बीते शुक्रवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अजय के पिता ने मुकदमा दर्ज करवाया और मुकदमा दर्ज करवाने के 48 घंटे के भीतर ही पुलिस ने हत्यारोपित शंकर गिरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी द्वारा बताया गया कि वह अजय के साथ मिलकर चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश से स्मैक लेकर आते थे और कुटिया के पास नशा करते थे। 4 मार्च को भी दोनों ने यही किया और फिर दोनों पांडव पत्थर के पास बैठकर नशा करने लगे इस दौरान अजय के पास पैसे देखकर साधु को लालच आ गया और उसने अजय से पैसे मांगे। लेकिन अजय गाली देने लगा जिसके बाद दोनों में झगड़ा हुआ और आरोपित ने अजय के सर पर पत्थर से मार दिया और उसके बाद आरोपित ने उसकी जेब से 4500 रुपए निकाले तथा उसके हाथ पांव बांधकर उसे गंगा में फेंक दिया।

Advertisements

Recent Posts