अल्मोड़ा:- रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर माँ अम्बे इंस्टीट्यूट में विचार गोष्ठी का आयोजन

अल्मोड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) अल्मोड़ा इकाई के तत्वावधान में आज माँ अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, अल्मोड़ा में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के उपलक्ष्य में विचार गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, त्याग, बलिदान, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभक्ति से परिचित कराना तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित करना रहा।

Advertisements

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सोबन सिंह जीना परिसर के डॉ. सी.पी. फिलोरिया उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में रानी लक्ष्मीबाई के जीवन संघर्ष, 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका तथा अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उनके अद्वितीय साहस पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई भारतीय इतिहास की ऐसी महान वीरांगना हैं, जिन्होंने अपने अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देशवासियों के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, आत्मसम्मान की रक्षा करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों की भूमिका केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का भी बोध होना चाहिए। रानी लक्ष्मीबाई जैसी महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान ABVP के कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा रानी लक्ष्मीबाई के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों को साझा किया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय इतिहास में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का स्थान सदैव गौरवपूर्ण रहेगा। उनका जीवन विशेष रूप से युवा पीढ़ी और छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने यह संदेश दिया कि साहस, आत्मविश्वास, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प के बल पर प्रत्येक चुनौती का सामना किया जा सकता है।

इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित सिंह कमाल्टा, वैभव संयोजक हर्षित लोहनी सहित ABVP के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नीरज कांडपाल, चंदन गोस्वामी, दीक्षा रौतेला, चंदा दानू, रोहित दानू, गौरव प्रकाश एवं आदित्य तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

माँ अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज के चेयरमैन श्री संदीप सिंह यादववंशी एवं वाइस चेयरमैन डॉ. प्रीति पाल की उपस्थिति एवं सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय इतिहास की महान वीरांगनाओं के योगदान को समझने तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। इस प्रकार की विचार गोष्ठियाँ विद्यार्थियों में ऐतिहासिक चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रप्रेम एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम का समापन रानी लक्ष्मीबाई के साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए किया गया।

Leave a Reply