

उत्तराखंड राज्य के टिहरी से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जहां पर शादी की सालगिरह के दिन विवाहिता की मौत हो गई। 22 वर्षीय विवाहिता पूनम देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला और पूनम के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है जिस दिन पूनम की शादी की पहली सालगिरह थी उसी दिन उसकी मौत हो गई। शनिवार देर रात पूनम की तबीयत बिगड़ने की बात कह कर उसके पति और ससुराल वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया और रात के करीब 12:00 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया तथा पुलिस ने जांच शुरू कर दी इसके साथ ही पूनम के ससुराल वालों को हिरासत में ले लिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पूनम के मायके में कोहराम मच गया और पूनम के परिजन अस्पताल पहुंचे तथा वहां उन्होंने हंगामा कर दिया। पूनम के पिता शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि यह घटना एक जघन्य अपराध है उन्होंने आरोप लगाया है कि बेटी की हत्या की गई है उनके अनुसार पूनम 21 अप्रैल को मायके आई थी और 25 अप्रैल को ससुराल गई लेकिन इस रात उन्हें फोन करके केवल तबीयत खराब होने की बात कही गई जबकि उनकी बेटी की पहले ही मौत हो चुकी थी।

