Uttarakhand breaking -: यहां जहरीली गैस का रिसाव होने से मचा हड़कंप, अस्पताल में आईसीयू फुल

रुद्रपुर| उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में आज सुबह ट्रांजिट कैंप के आजाद नगर में कबाड़ी की दुकान में रखे गैस सिलेंडर से जहरीली गैस का रिसाव हो गया| जिसकी चपेट में आकर कई लोग बेहोश हो गए| घटना की जानकारी मिलते ही एसपी एवं सीओ, फायर ब्रिगेड की टीम, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे|
मौके पर पहुंची टीम भी गैस की चपेट में आ गई| इस दौरान किच्छा क्षेत्र के उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव व एसडीआरएफ के करीब 8 जवानों की तबीयत भी बिगड़ गई|

Advertisements


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मंजूनाथ डीसी ने कहा कि आजाद नगर में किसी कबाड़ी के यहां क्लोरीन से भरा हुआ सिलेंडर पहुंचा था| जिसमें गैस के रिसाव से आसपास के क्षेत्र में गैस फैल गई और लोगों की तबीयत खराब होने लगी| वहां आसपास के लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, साथ ही उल्टी होने की समस्या से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया| इससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया| सड़क पर लोग जहरीली गैस से बचने के लिए मुंह को कपड़े से ढक कर चल रही है| बेहोश करीब 35 लोग अस्पताल में भर्ती है| जिला अस्पताल का आईसीयू फुल है| घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है| वहीं, युगल किशोर पंत व एसएसपी डॉ आरटीसी अस्पताल में मरीजों का हाल जानने पहुंचे है|
गैस रिसाव होने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ट्रांजिट कैंप के कबाड़ के गोदाम हटाने की मांग की| इसे लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया|