UKSSSC paper Leak मामले में सीएम धामी का बड़ा बयान

देहरादून स्नातक स्तरीय भर्ती मामले में सीएम धामी ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्यवाही करने और उनकी संपत्ति जब्त करने के निर्देश दिए हैं| सीएम धामी ने कहा कि नकल प्रभावित परीक्षा निरस्त करते हुए नए सिरे से चयन प्रक्रिया शुरू की जाए|
सीएम धामी ने सचिवालय में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती घोटाले के संबंध में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कड़े तेवर दिखाए और कहा कि पुलिस जांच में तेजी लाते हुए सभी दोषियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी की जाए, आरोपियों की अवैध संपत्ति को जब्त करने और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और पीएमएलए के तहत कार्यवाही अमल में लाई जाए| जिन परीक्षाओं में गड़बड़ी के साक्ष्य मिले हैं उन्हें निरस्त करते हुए नए सिरे से चयन प्रक्रिया शुरू की जाए| जबकि जो परीक्षाएं साफ-सुथरे ढंग से हुई है, उन्हें सुचारू रूप से समय पर संपन्न कराया जाए|

Advertisements


इसके अलावा सीएम धामी ने कहा कि जिन परीक्षाओं के मामले में दागी व्यक्तियों को नियुक्ति मिली है, उनकी नियुक्ति निरस्त कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी| साथ ही आयोग को सुचारू रूप से चलाने के लिए वहां शीघ्र अध्यक्ष की नियुक्ति की जाए| भर्ती प्रक्रिया में उजागर हुए कर्मियों पर नाराजगी जताते हुए सीएम धामी ने कहा कि सभी दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलवाने की कोशिश की जाए साथ ही सभी विभागों में उपलब्ध रिक्तियों को समय से भरने के प्रयास किए जाएं|