
बागेश्वर । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में जनपद में प्रत्येक शनिवार संचालित विशेष स्वच्छता अभियान के तहत आयुर्वेद विभाग की सभी 35 चिकित्सा इकाइयों में वृहद सफाई अभियान चलाया गया। जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय से लेकर विभिन्न चिकित्सा इकाइयों तक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान कार्यालय परिसरों, चिकित्सा इकाइयों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। साथ ही परिसर को व्यवस्थित रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छता के प्रति नियमित जागरूकता बनाए रखने पर जोर दिया गया। डॉ. कोहली ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रत्येक शनिवार नियमित रूप से स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी कार्यसंस्कृति और दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा इकाइयों में स्वच्छ एवं स्वास्थ्यप्रद वातावरण बनाए रखना विशेष रूप से आवश्यक है, क्योंकि स्वच्छ परिवेश बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का भी आधार है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद विभाग स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखते हुए चिकित्सा इकाइयों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।



