बागेश्वर :- स्वच्छ बागेश्वर की ओर बढते कदम…..नगर पालिका ने चलाया व्यापक सफाई अभियान

बागेश्वर। नगर पालिका द्वारा शुक्रवार को नगर क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सरयू नदी के तटों सहित विभिन्न वार्डों में सफाई कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
अभियान की शुरुआत सरयू नदी किनारे से की गई, जहाँ एकत्रित कूड़ा-कचरा हटाकर उसका विधिवत निस्तारण किया गया। इसके उपरांत बिलौना एवं कठायतबाड़ा वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाते हुए नागरिकों को कूड़ा खुले में न फेंकने तथा केवल कूड़ा वाहनों में ही डालने के लिए जागरूक किया गया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद सिंह जीना ने बताया कि नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखना पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली स्वच्छता पहल का हिस्सा है, जिससे बागेश्वर को स्वच्छ नगर के रूप में विकसित किया जा सके।
अभियान में रेडक्रॉस के पूर्व चेयरमैन संजय शाह जगाती, वार्ड सदस्य विक्की सुयाल सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की।

Advertisements

Recent Posts