

बागेश्वर । भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2027 के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों—पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री—के लिए ऑनलाइन नामांकन एवं सिफारिशें आमंत्रित की गई हैं।
अपर जिलाधिकारी एन. एस. नबियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट https://awards.gov.in के माध्यम से अपने नामांकन/सिफारिशें ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त प्रस्तावों पर ही विचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नामांकन हेतु आवेदक का पूर्ण विवरण, व्यक्तित्व, कृतित्व, उपलब्धियों एवं समाज के प्रति सेवाओं का संक्षिप्त विवरण निर्धारित प्रारूप में अधिकतम 800 शब्दों में अंग्रेजी भाषा में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त संबंधित प्रस्ताव की एक हार्डकॉपी भी निर्धारित समयावधि के भीतर उपलब्ध कराना आवश्यक रहेगा।
अपर जिलाधिकारी ने जनपद के सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं एवं पात्र व्यक्तियों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार समय सीमा के भीतर अपने प्रस्ताव प्रेषित करना सुनिश्चित करें, ताकि योग्य व्यक्तियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने की प्रक्रिया में शामिल किया जा सके।

