
बागेश्वर । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि, उद्यान एवं मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, उत्पादन गतिविधियों तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को किसानों के लिए नियमित एक्सपोजर विजिट आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें आधुनिक खेती, नवीन तकनीकों एवं सफल कृषि मॉडल की जानकारी मिल सके। उन्होंने उद्यान विभाग को जनपद में आलू बीज (सीड) उत्पादन पर कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ब्लैक राइस एवं रेड राइस की खेती को प्रोत्साहित करने, इनके उत्पादन में वृद्धि करने तथा ऐसे प्रगतिशील किसानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए जो गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन का कार्य कर सकें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को फार्म रजिस्ट्री की प्रगति में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
उद्यान विभाग को एवोकाडो एवं लिलियम जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा जनपद में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि शीघ्र चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।


