
बागेश्वर – जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) एवं सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर निर्वाचक नामावली के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्वाचक नामावली में नाम, लिंग एवं अन्य विवरणों से संबंधित त्रुटियों के सुधार के लिए 28 से 30 अक्टूबर तक तीन दिवसीय विशेष सत्यापन अभियान चलाया जाए। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं सुपरवाइजर, बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ समन्वय स्थापित कर टेबलटॉप अभ्यास के माध्यम से निर्वाचक नामावली का बारीकी से परीक्षण करेंगे। सत्यापन के दौरान निर्वाचक के नाम, व्यक्तिगत विवरण एवं संबंध से संबंधित त्रुटियों को चिह्नित कर उनके निराकरण के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान प्राप्त फॉर्म-8 की प्रोसेसिंग 12 नवंबर 2026 के उपरांत की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सत्यापन कार्य पूर्ण करने तथा इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता के रूप में पंजीकरण से वंचित न रहे। विशेष रूप से युवाओं एवं पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय के पात्र नागरिकों को भी निर्वाचक नामावली में शामिल करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने सभी ERO एवं AERO को आगामी दस दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों के समस्त मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लें। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को प्राथमिकता से दूर किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने तथा निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं का समावेशन तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।





