बागेश्वर – जनगणना 2027 के प्रगणकों और सुपरवाइजरों को किया जा रहा डिजिटल तकनीकों से प्रशिक्षित

बागेश्वर । जनपद में जनगणना 2027 का कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रगणकों और सुपरवाइजरों को डिजिटल तकनीकों से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को जनगणना पोर्टल पर HLBS की जियो-टैगिंग एवं क्षेत्रों के सटीक सीमांकन संबंधी तकनीकी जानकारी दी जा रही है। सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे कार्यों में गति लाएं, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर तकनीकी औपचारिकताएं और डेटा फीडिंग पूर्ण हो सके।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य डेटा संकलन की बारीकियों को समझाना तथा मोबाइल ऐप व पोर्टल के प्रभावी उपयोग में कर्मियों को दक्ष बनाना है, जिससे फील्ड स्तर पर जानकारी शुद्धता के साथ दर्ज की जा सके। जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।
इस बीच प्रशासन ने आमजन से भी इस महाभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। विशेष रूप से ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) सुविधा, जो 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक उपलब्ध है, का लाभ उठाने का आग्रह किया गया है। नागरिक निर्धारित पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करें तथा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्राप्त आईडी को सुरक्षित रखें।
अधिकारियों के अनुसार, सटीक आंकड़ों के आधार पर ही सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है, इसलिए जनपदवासियों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की गई है।

Leave a Reply