अखिल भारतीय निबंध प्रतियोगिता में अल्मोड़ा की छात्रा निकिता जडौत ने प्राप्त किया प्रथम स्थान

अल्मोड़ा – विवेकानन्द इण्टर कॉलेज, रानीधारा (अल्मोड़ा) की मेधावी छात्रा निकिता जडौत ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जनपद एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।

Advertisements

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता विद्या भारती संस्कृत शिक्षा संस्थान द्वारा शैक्षिक सत्र 2025–26 के अंतर्गत आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत उच्च था, फिर भी निकिता ने अपनी उत्कृष्ट लेखन शैली, सशक्त अभिव्यक्ति और विषय की गहन समझ के बल पर सर्वोच्च स्थान हासिल किया।

इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे विद्यालय के शिक्षक छात्रा बहिन के मार्गदर्शक शिक्षक अनिल ढौंडियाल का विशेष योगदान रहा ।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता न केवल छात्रा की मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के शिक्षकों के समर्पण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का भी प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियाँ अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करती हैं और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए उत्साहित करती हैं।

इस उपलब्धि में विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके सहयोग, प्रोत्साहन और सकारात्मक वातावरण ने निकिता को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय में इस उपलब्धि पर उत्सव जैसा माहौल है। शिक्षकगण, सहपाठी एवं अभिभावक सभी छात्रा की इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं और उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दे रहे हैं।

निकिता जडौत की यह सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

Recent Posts