
रूस और यूक्रेन के बीच विवाद और अधिक बढ़ता जा रहा है| यूक्रेन पर रूस द्वारा हमले की आशंका के बीच एयर इंडिया के बोईंग 787 विमान से करीब 240 भारतीय छात्र देर रात भारत पहुंचे| दिल्ली उतरने के बाद कुछ छात्रों के चेहरे पर खुशी तो थी लेकिन कुछ छात्र डरे हुए भी थे| छात्रों ने कहा कि अपने वतन लौट कर काफी अच्छा लग रहा है| लेकिन यूक्रेन में आने वाले समय में स्थिति खराब होने वाली है| एक छात्र ने तो रात में फायरिंग की आवाज सुनाई देने की बात भी कही| फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर हम लोग देश लौट आए हैं| अभी स्थिति सुधरने तक ऑनलाइन पढ़ाई करेंगे| यूक्रेन की स्थिति पर भारत लौटे छात्रों ने कहा कि वर्तमान में स्थिति शांतिपूर्ण है लेकिन काफी लोगों में भविष्य को लेकर काफी दहशत है| छात्रों का कहना है कि हमने दूतावास की सलाह का पालन किया है जिसमें छात्रों को जल्द से जल्द देश छोड़ने के लिए कहा गया है| छात्रों का कहना है कि हमें अपने वतन लौट कर काफी अच्छा लग रहा है यूक्रेन से भारत लौटे छात्रों में से एक छात्र शिवम चौधरी ने मीडिया से वार्तालाप करते हुए कहा कि ‘वहां कुछ ज्यादा नहीं हो रहा है| फिलहाल शांतिपूर्ण स्थिति है लेकिन जिस तरह से चीजें चल रही है लोग क्या कह रहे हैं हमें नहीं पता कि आने वाले दिनों में क्या होगा|’ एक अन्य छात्र का कहना है कि ‘उसके माता-पिता अब काफी राहत महसूस कर रहे हैं, कि संकट के बीच उसने यूक्रेन छोड़ दिया है|’ इसके अलावा एक और अन्य छात्र ने कहा कि पश्चिमी यूक्रेन में स्थिति अभी इतनी खराब नहीं है जितनी पूर्वी यूक्रेन में हो रही है| छात्रों ने बताया कि लगभग सभी सीमाओं पर रुस की आर्मी की तैनाती है| सेना को देखते हुए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि रूस द्वारा यूक्रेन पर कभी भी आक्रमण हो सकता है| सीमाओं पर भारी संख्या में रुस के हथियार और वॉर टैंक रखे गए हैं| इन सभी स्थितियों को देखते हुए जिस प्रकार रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण की आशंका बढ़ती जा रही है भारत सरकार ने अतिरिक्त उड़ानों को संचालित करने का फैसला लिया है| जानकारी के मुताबिक कीव से दिल्ली के लिए अतिरिक्त उड़ाने 25 फरवरी, 27 फरवरी और 6 मार्च 2022 को संचालित होगी|

