
अल्मोड़ा। वर्तमान समय में काफी सुविधा होने के बावजूद जिले के कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहां आज भी पानी और बिजली की पर्याप्त आपूर्ति लोगों को नहीं हो पा रही है। जिले के भिकियासैंण विकासखंड के ग्राम सनणे में पानी और बिजली की समस्या से ग्रामीण काफी परेशान हैं और ग्रामीणों ने आक्रोश में चुनाव बहिष्कार की चेतावनी भी दी है। ग्रामीणों ने अधिकारियों को पत्र भेजकर डूनधारा पेयजल योजना स्वीकृत करने और जालली विद्युत केंद्र से डूनधारा के रास्ते गांव को बिजली आपूर्ति कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2022-23 में हर घर नल योजना के तहत नल लगाए गए थे लेकिन 3 साल बाद भी पानी नहीं आया और बिजली आपूर्ति भी आए दिन बाधित रहती है उन्होंने कहा कि जालली केंद्र गांव से करीब 5 किलोमीटर दूर है और वहां से आपूर्ति होने पर समस्या का जल्द समाधान हो सकता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वर्षों से शिकायत और पत्राचार के बावजूद कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पलायन बढ़ रहा है ऐसे में ग्रामीणों ने कहा है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान ना हुआ तो वह चुनाव बहिष्कार करेंगे।





